नई दिल्ली .दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और भाजपा सोशल मीडिया के जरिए एक दूसरे को चुनौती दे रही हैं। आप के सोशल मीडिया प्रमुख जास्मीन शाह और भाजपा ने पुनीत अग्रवाल हंै। दोनों का कहना है कि उनका मुख्य लक्ष्य युवा वोटरों को लुभाना है। जास्मीन कहते हैं- 15 राज्यों में सक्रिय हमारी सोशल मीडिया टीमें कंटेंट भेजती हैं। दिल्ली में करीब 20 लोग इसे जांचते हैं। फिर तय होता है कि कौन सा कंटेंट किस प्लेटफॉर्म पर जाएगा। फोकस केजरीवाल के 5 साल के काम को लोगों तक पहुंचाना है। इस बात का ध्यान रखते हैं कि मीम्स में कड़वाहट नहीं हो। भाजपा के पुनीत अग्रवाल कहते हैं- दिल्ली में 13750 बूथ हैं। हर बूथ पर पांच कार्यकर्ता हैं। 280 मंडल हैं। हर मंडल पर तीन कार्यकर्ता हैं। सभी 14 जिलों में एक-एक संयोजक और दो-दो सह संयोजक हैं। सभी 7 लोकसभा क्षेत्रों में भी एक-एक संयोजक हैं। प्रदेश की टीम 8 लोगों की है।
आप के मीम का मतलब: दिल्ली की पसंद केजरीवाल, भाजपा खाली हाथ
आप ने 1993 में रिलीज शाहरूख खान की फिल्म बाजीगर पर मीम बनाया है। काजोल को दिल्ली, शाहरूख को केजरीवाल और काजोल के दोस्त बने इंस्पेक्टर (सिद्धार्थ) को मनोज तिवारी बताया। साथ ही ट्वीट में लिखा है- ऑल द बेस्ट सर, मनोज तिवारी। मकसद भाजपा को यह बताना है कि दिल्ली केजरीवाल को पसंद करती है और तिवारी खाली हाथ रहेंगे।
भाजपा का जवाब: बाजीगर फिल्म में शाहरुख विलेन, हश्र समझ लें आप
भाजपा ने फिल्म बाजीगर पर आधारित मीम पर जवाबी ट्वीट में लिखा- इस एकाउंट को हैंडल करने वाला केजरीवाल के राजनीतिक सफर का अंत दिखा रहा है। बाजीगर में शाहरूख विलेन थे। वह काजोल और उनके परिवार के खिलाफ साजिश रचते हैं। उनकी बहन का मर्डर करते हैं। अंत में उन्हें मौत मिलती है। दिल्ली में केजरीवाल का यही हश्र होगा।
दावा- कड़वाहट नहीं, बात पहुंचाने की कोशिश
- आप ने एक सीमेंट कंपनी के विज्ञापन पर आधारित केजरी-वॉल मीम भी बनाया है। इसमें बताया गया है कि यह दीवार नहीं टूटेगी क्योंकि यह साफ नीयत और ईमानदारी के सीमेंट से बनी है। सुपर मारियो गेम की थीम पर भी उनका मीम बनाया गया है।
- अाप के सोशल मीडिया प्रमुख जास्मीन शाह कहते हैं कि सभी कार्यकर्ताओं को पॉजिटिव कंटेंट देने के आदेश हैं। पार्टी का कोई इवेंट है तो उसे पहले शेयर करते हैं ताकि कंटेंट इसी के मुताबिक बने। जैसा हमने केजरीवाल के गारंटी कार्ड लॉन्च पर किया।
- भाजपा के सोशल मीडिया प्रमुख पुनीत अग्रवाल कहते हैं- हम दो बातों पर फोकस कर रहे हैं। पहली- केंद्र सरकार ने दिल्ली के लिए जो काम किए, उन्हें दिखाएं। दूसरी- केजरीवाल जो करना चाहते हैं, उन्हें जनता तक पहुंचाएं। लोग टेक्स्ट से ज्यादा मीम्स पसंद करते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2TX1eQn
via IFTTT
No comments:
Post a Comment