पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार में सीआरपीएफ की 31वीं बटालियन के 77 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि अभी 100 और जवानों की टेस्ट रिपोर्ट आना बाकी है। कोरोना के वजह से 28 अप्रैल को 55 साल के एक सबइंस्पेक्टर की सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई थी। इसी बटालियन के 45 जवान पिछले हफ्ते भी कोरोना से संक्रमित हो गए थे, जिनकी तादाद अब बढ़कर 122 पहुंच गई है। एहतियात के तौर पर पूरी बटालियन को क्वारेंटाइन करके सबकी जांच की जा रही है। इस बटालियन में करीब 600 जवान और अफसर हैं। मेडिकल स्टाफ और जरूरी चीजों को छोड़कर ना तो कैम्प से कोई बाहर निकलने दिया जा रहा है और ना ही किसी को अंदर जाने दिया जा रहा है।
पता चला है कि इंस्पेक्टर सहित 31वीं बटालियन के बाकी जवान तब कोरोना के मरीज हुए जब वे कुपवाड़ा में तैनाती के दौरान 162वीं बटालियन के पैरामेडिकल स्टाफ के संपर्क में आए थे। सब इंसपेक्टर मेडिकल पर अपने घर नोएडा आया हुआ था। जब अचानक लॉकडाउन का ऐलान हुआ तो छुट्टी पर गए जवानों को निर्देश दिया गया कि आप जहां हैं वहीं रहें। पर मेडिकल स्टाफ के लिए कहा गया कि अगर संभव हो तो घर के आसपास 15 से 20 किलोमीटर के दायरे में अगर कोई यूनिट हो तो वहां जॉइन कर लें।
नोएडा का रहने वाला इस पैरामेडिकल स्टाफ ने 7 अप्रैल को 31वीं बटालियन ज्वाइन की थी। तब उन्हें क्वारेंटाइन किया गया पर कोई लक्षण नहीं पाया गया। वहीं दूसरी ओर दिल्ली पुलिस के साथ जामा मस्जिद और चांदनी महल क्षेत्र में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सात जवान आज कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये जिससे संक्रमित जवानों की संख्या बढकर 17 हो गयी है।
कापसहेड़ा: एक मकान में 41 नए कोरोना पॉजिटिव, डीएम ऑफिस से महज 250 मीटर दूरी
दक्षिण पश्चिम जिला में कापसहेड़ा के एक मकान (सोनू यादव का मकान) में एकसाथ 41 कोरोना पॉजिटिव के नए मामले सामने आए हैं। डीएम ऑफिस से महज 250-300 मीटर दूर स्थित इस मकान में पहला केस 18 मई को आया था। इसके बाद इस मकान को कंटेनमेंट जोन घोषित करके सील कर दिया गया था। इसमें रहने वाले सभी 175 लोगों के सैंपल 20 अप्रैल और 22 अप्रैल को लेकर एनआईबी, नोएडा भेज दिए गए थे। इसमें से 67 की रिपोर्ट शनिवार को आई, जिसमें 41 पॉजिटिव हैं जबकि 3 में पॉजिटिव के लक्षण हैं।
जिला प्रशासन ने सैंपल 13 दिन पहले दिए थे जिसकी रिपोर्ट में देरी और लक्षण को देखते हुए सभी 41 पॉजिटिव और 3 अन्य जिनका दोबारा सैंपल लेने की बात कही गई है। रविवार या सोमवार को इनका फिर टेस्ट किया जाएगा। किसी कंटेनमेंट जोन में जहांगीरपुरी के सी-ब्लॉक में 35 और डी-ब्लॉक में 46 पॉजिटिव के बाद ये तीसरा बड़ा मामला है। दिल्ली के किसी एक मकान में 42 पॉजिटिव केस सामने आने का ये पहला मामला है। अभी 108 की रिपोर्ट आनी बाकी है। इस मकान में किराएदार रहते हैं जिसमें बहुत सारे कमरे हैं। ऐसे में अभी तक भी ये लोग लगातार वहां आपस में मिलते जुलते रहे होंगे। हालात को देखते हुए अधिकारी भी मान रहे हैं कि सारी रिपोर्ट आने की दशा में आंकड़ा 75 से ऊपर पहुंच सकता है।
बिल्डिंग के बाहर नहीं फैला संक्रमण, मरीजों में लक्षण नहीं
डीएम राहुल सिंह ने बताया कि 18 अप्रैल को इस मकान की एक महिला कोराना पॉजिटिव आई थी। यहां के अलग-अलग कमरों में 175 से अधिक लोग रहते हैं। सब लोग शौचालय शेयर करते हैं। इसलिए अगले दिन इसे कंटेनमेंट बनाकर सील किया और टेस्ट शुरू कर दिए। गाइडलाइंस है कि 3 पॉजिटिव केस पर कंटेनमेंट जोन बनाना है। नतीजे आने तक हमने इमारत से किसी को बाहर जाने नहीं दिया। इस वजह से संक्रमण इमारत के अंदर ही है।
दक्षिण-पश्चिम जिले में 11 दिन में करीब 4 गुना हुए केस
दक्षिण पश्चिम जिला में 21 अप्रैल से 2 मई तक के 11 दिन में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या करीब 4 गुना हो गई है। 21 अप्रैल को इस जिले में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 29 थी जो 2 मई को बढ़कर 110 पहुंच गई है। महज 48 घंटे में 51 नए केस सामने आए हैं।
मॉडल टाउन : एक ही इमारत में 3 भाइयों के परिवार में 12 संक्रमित
उत्तरी दिल्ली जिला के मॉडल टाउन डी-ब्लॉक में एक ही मकान में 12 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। परिवार में तीन भाई हैं जिनकी उसी इमारत के नीचे तीन दुकान हैं। इस इमारत के लोगों ने प्राइवेट लैब में टेस्ट कराए तो 12 लोगों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मॉडल टाउन रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव निर्भय नरुला ने डी ब्लॉक में कोरोना के मामले बढ़ने को लेकर डीएम काे एक पत्र भी लिखा है। डीएम नॉर्थ दीपक शिंदे ने बताया कि जिला प्रशासन, 10 डॉक्टर और 5 पैरा मैडिकल स्टाफ की टीम ने वहां का सर्वे किया। जिस गली में कोरोना पॉजिटिव लोग मिले हैं, उस गली को सील कर दिया गया है।
लक्ष्मी नगर: कैट्स के कंट्रोल रूम में फैला संक्रमण, 15 लोग पॉजिटिव
कोरोना का संक्रमण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली कैट्स एंबुलेंस के ड्राइवर और पैरा-मेडिकल स्टाफ के बाद इसके लक्ष्मी नगर स्थित कंट्रोल रूम तक पहुंच गया है। कंट्रोल रूम में तीन शिफ्ट में करीब 100 कर्मचारी काम करते हैं। इसमें से एक शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारियों में से 15 कोरोना पॉजिटिव आए हैं। अन्य कर्मचारियों की जांच की जा रही है। कैट्स का एक कर्मचारी लोकनायक अस्पताल में काम करके आया था। कुछ दिन बाद उसकी तबियत खराब हुई तो जांच कराई जिसमें वह पॉजिटिव आया। कैट्स प्रशासन इस पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
काेराेना पाॅजिटिव पाए गए लाेकपाल सदस्य अजय कुमार त्रिपाठी की मौत
काेराेनावायरस से संक्रमित पाए गए लाेकपाल के सदस्य रिटायर जस्टिस अजय कुमार त्रिपाठी (62) की शनिवार काे मृत्यु हाे गई। वे एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती थे जहां उनकाे दिल का दाैरा पड़ा। एम्स के ट्रामा सेंटर काे काेविड-19 अस्पताल बनाया गया है। छत्तीसगढ़ हाई काेर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश रहे त्रिपाठी बहुत बीमार थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2W0f457
via IFTTT
No comments:
Post a Comment