किसानों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस अब बैकफुट पर आ गई है। उसने झाड़सेतली के पास लगाए बैरिकेड हटाकर किसानों को आगे जाने की छूट दे दी है। झाड़सेतली में शुक्रवार रात गुजारने के बाद किसान शनिवार दोपहर करीब 12 बजे पैदल मार्च करते हुए अजरौंदा चौक पहुंचे और वहां वाटिका गार्डन में रात्रि विश्राम करेंगे। रविवार को किसान बदरपुर बॉर्डर कूच करेंगे।
इसके पहले रास्ते में बल्लभगढ़ बस डिपो के पास सर्व कर्मचारी संघ व नगर निगम कर्मचारी संगठन के कार्यकर्ताओं ने किसानों से मुलाकात कर उनके आंदोलन को समर्थन दिया। किसान नेताओं का कहना है कि वे दिल्ली पहुंचकर ही रुकेंगे। पुलिस उन्हें किसी भी सूरत में नहीं रोक सकती। क्योंकि शांतिपूर्वक सड़क पर चलना कोई अपराध नहीं है।
यदि पुलिस ने जबरन रोकने का प्रयास किया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। उधर पलवल में केएमपी के पास पुलिस ने मध्यप्रदेश और राजस्थान से आ रहे किसानों को रोक दिया। इससे किसानों ने हाइवे पर ही धरना शुरू कर दिया। इससे पुलिस को आगरा-दिल्ली ट्रैफिक को वन-वे करना पड़ा।
नए कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली जा रहे पलवल-फरीदाबाद के किसानों के आक्रोश को देखते हुए बैरिकेड लगाकर उन्हें रोकने वाली पुलिस शनिवार को बैकफुट पर आ गई। शुक्रवार को पुलिस ने झाड़सेतली से थोड़ा आगे हाइवे पर बैरिकेड लगाकर किसानों को रोकने की योजना बनाई थी।
लेकिन शनिवार को अचानक पुलिस ने बैरिकेड हटा दिए। बड़ी संख्या में किसान दोपहर 12 बजे पैदल मार्च करते हुए आगे रवाना हुए। ये करीब 3.30 बजे अजरौंदा पहुंच गए। यहां रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरान डीसीपी, एसीपी, थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उनके साथ थे। लेकिन किसी भी किसान को रोकने का प्रयास नहीं किया।
मध्यप्रदेश व राजस्थान के किसानों का हाइवे पर धरना
आज बदरपुर बॉर्डर पहुंचेंगे, पुलिस तैयार: भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय सचिव रतन सिंह सौरोत ने कहा कि रविवार सुबह 11 बजे सभी किसान एकत्र होकर बॉर्डर की ओर रवाना होंगे। उन्होंने कहा देशभर के किसान बॉर्डर पर जमा हैं। ऐसे में फरीदाबाद और पलवल के किसान भी बॉर्डर पर पहुंचेंगे। उधर पुलिस ने बॉर्डर पर किसी प्रकार के व्यवधान से निपटने के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बैरिकेड भी लगाए जा रहे हैं। उधर दिल्ली पुलिस ने बॉर्डर पर बैरिकेड लगाकर कंटीले तार लगा दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी बॉर्डर पर व्यवधान पैदा नहीं करने दिया जाएगा।
मध्यप्रदेश, राजस्थान व बुंदेलखंड के किसानों को तीन दिन से पुलिस ने केजीपी-केएमपी चौक पर रोक रखा है। किसान नेशनल हाईवे पर धरना देकर बैठे हैं। शुक्रवार रात बुंदेलखंड से चौक पर किसानों का एक जत्था पहुंचा। इसे पुलिस ने वहीं रोक दिया। किसानों ने कहा उनके और साथी अभी पीछे हैं। उनके आने के बाद वे दिल्ली के लिए कूच करेंगे।
वहीं पुलिस का कहना है कि वे किसी भी कीमत पर किसानों को यहां से आगे नहीं बढ़ने देंगे। इससे किसान और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। किसान नेशनल हाईवे की आगरा से दिल्ली वाली साइड को जाम कर धरने पर बैठे हैं।
एमपी के किसान रिशिप सिंह व निहाल सिंह गुर्जर ने कहा कि सरकार यह कानून बनाए कि न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम कीमत में फसल खरीदने वालों पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। किसानों को फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जाए। छोटे व सीमांत किसानों की फसलों का भी पंजीकरण किया जाए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3gdNXvI
via IFTTT
No comments:
Post a Comment