पंचर लगाने व ड्राइवरी करने वालों की बेटियां बनीं डिस्ट्रिक्ट टॉपर

हरियाणा शिक्षा बोर्ड भिवानी ने मंगलवार शाम 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। इसमें ड्राइवर और किसान की बेटियां डिस्ट्रिक्ट टॉपर रही हैं। इसके अलावा साइकिल में पंचर लगाने वाली की बेटी ने भी टॉपर में जगह बनाई है। अब ये टॉपर बेटियां आईएएस और सीए बन समाज के लिए काम करना चाहती हैं। शिक्षा विभाग के मुताबिक इस बार जिले में कुल 10664 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 8703 विद्यार्थी पास हुए हैं। जिले का रिजल्ट 81.61 फीसदी रहा है।

शिक्षा विभाग के अनुसार एसडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल मोहना की छात्रा संजना और अग्रवाल गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल बल्लभगढ़ की छात्रा तन्नू ने डिस्ट्रिक्ट टॉप किया है। आर्ट संकाय की दोनों छात्राओं को 500 में से 493-493 अंक मिले हैं। जबकि राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल नंगला रोड एनआईटी के छात्र भारत 493 अंक पाकर दूसरे स्थान पर और अग्रवाल मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल नंगला रोड की छात्रा सोनम 491 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहीं हैं। ये दोनों कामर्स संकाय से हैं। इनमें संजना के पिता गांव में खेती करते हैं जबकि तन्नू के पिता ड्राइवरी। संजना टीचिंग क्षेत्र में तो तन्नू प्रशासनिक क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं।
भारत के पिता ट्रैक्टर ड्राइवर हैं और सोनम के पिता साइकिल पंचर की दुकान करते हैं। शिक्षा विभाग के मुताबिक जिलावार टॉप टेन की सूची बनाई गई है। इस सूची में सरस्वती शिशु सदन तिगांव के छात्र निखिल पाराशर, कला मंदिर पब्लिक स्कूल सेहतपुर के छात्र शुभम, बीपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल संजय कॉलोनी की छात्रा पूजा, अग्रवाल गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल बल्लभभगढ़ की कुंजन, राजकीय मॉडल संस्कृत सीनियर सेकेंडरी स्कूल के गोविंद और रोहित तथा राजकीय कन्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल एनआईटी की छात्रा संजना ने टॉप टेन टॉपर की सूची में जगह बनाई है।

ड्राइवर की टॉपर बेटी की आंख में आ गए आंसू
जिला टॉप करने वाली तन्नू को अपने रिजल्ट के बारे में कोई सूचना नहीं थी। शाम को जब दैनिक भास्कर संवाददाता ने छात्रा को उसके रिजल्ट के बारे में जानकारी दी और जिला टॉपर होने के बारे में बताया तो खुशी से उसकी आंख में आंसू आ गए। उसे विश्वास ही नहीं हो रहा था कि उसने जिला टॉप किया है। छात्रा ने दैनिक भास्कर से कहा कि वह आगे की पढ़ाई कर आईएएस बनना चाहती है। हम उन लोगों के लिए काम करना चाहते हैं जिन्हें सरकारी दफ्तरों में अपना काम कराने के लिए चक्कर काटने पड़ते हैं या फिर काम के लिए सोर्स लगाना पड़ता है। इसी तरह संजना टीचिंग के क्षेत्र और सोनम सीए के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं।

पलवल जिले की संजू 494 अंक के साथ प्रदेश में तीसरा स्थान पर रहीं
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा का रिजल्ट मंगलवार को घोषित कर दिया गया। स्वीट एंजिल स्कूल की छात्रा संजू 494 अंक लेकर प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहीं। जबकि जिले में शांति पब्लिक स्कूल की प्रियंका व स्वीट एंजिल स्कूल की संजू ने पहला स्थान हासिल किया। जीवन ज्योति स्कूल की नीतू व एनएसएम पब्लिक स्कूल की नेहा ने दूसरा व शांति स्कूल की चहक, डीएनबी स्कूल की मीनाक्षी, ज्योति राघव व स्वीट एंजिल की शीतल ने तीसरा, बाल विद्या निकेतन स्कूल के अजय ने चौथा, संस्कार पब्लिक स्कूल की नेहा, दिव्या व शांति स्कूल की कविता ने पांचवां स्थान हासिल किया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2OK2qTp
via IFTTT

No comments:

Post a Comment