सोमवार रात तेज हवा और बारिश के कारण ब्रेकडाउन व फाल्ट होने से शहर की बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई। कई इलाकों में सुबह तक बिजली आपूर्ति सुचारू न होने से पेयजल सप्लाई भी ठप रही। हालांकि निगम की तरफ से बिजली सप्लाई सुचारू करने की कोशिश रात से ही चलती रही, लेकिन बिजली व्यवस्था को शाम तक सुधारा जा सका।
बिजली न रहने से लोगों को काफी दिक्कत हुई। रात को बिजली सप्लाई प्रभावित होने पर उपभोक्ताओं ने इंवर्टर का सहारा लिया, मगर कई घंटे तक बिजली न आने से इंवर्टर भी जवाब दे गए। ग्रेटर फरीदाबाद के उपभोक्ताओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी।
खेड़ी गांव में रात एक बजे गई बिजली सोमवार शाम 4 बजे आई। सेक्टर-3 में रात 11 बजे गई बिजली दोपहर एक बजे आई। इसी तरह सेक्टर-55, राजीव कॉलोनी, सेक्टर-56, गांव बदरौदा, मेवला महाराजपुर, अरुआ, ददसिया आदि गांव में भी बिजली सप्लाई प्रभावित रही। उपभोक्ताओं ने बिजली निगम के कंट्रोल रूम में फोन कर शिकायत दर्ज कराई। जवाहर कॉलोनी, जनता कॉलोनी, जीवन नगर, संजय कॉलोनी, एसजीएम नगर समेत अन्य कई इलाकों में फाल्ट की वजह से कई घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही।
बारिश के कारण कई इलाकों में लाइनों पर पेड़ गिरने, खंभे गिरने और ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो गया था। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर कर्मचारियों को भेजकर फाल्ट दुरुस्त कर सप्लाई बहाल कराने का प्रयास किया गया। रातभर अधिकारी व कर्मचारी फाल्टव ब्रेकडाउन को ढूंढकर ठीक करने में लगे रहे। बड़े फाल्ट होने से इन्हें सुधारने में थोड़ा समय लगा।
-नरेश कक्कड़, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2OMAxtO
via IFTTT
No comments:
Post a Comment