(शेखर घोष) हरिद्वार कुंभ मेला 2021 को लेकर राज्य और केंद्र सरकार लंबे समय से तैयारियों में जुटे हुए हैं। ऐसे में रेलवे भी मेले को लेकर खास तैयारी कर रहा है। जिसके लिए रेलवे को भारी भरकम बजट भी मिला है। करीब 661 करोड़ की लागत से विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर काम चल रहा है। इसके अलावा एक नया रेलवे स्टेशन भी बनाया जा चुका है। मौजूदा ट्रेनों के अलावा स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी पूरी है।
14 जनवरी को मकर संक्रांति के साथ ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो जाएगा, जो कि अप्रैल तक जारी रहेगा। रेलवे की ओर से करीब 220 करोड़ रुपए की लागत से योग नगरी ऋषिकेश नया रेलवे स्टेशन तैयार हो चुका है। यहां तीन नए प्लेटफॉर्म बने हैं, 2 सिक लाइन और 2 वॉशिंग लाइन बनी है।
साथ ही वॉशिंग लाइन में ऑटोमेटिक कोच वॉशिंग प्लांट लगाया गया है। वहीं हरिद्वार से लक्सर के बीच अभी तक सिंगल लाइन है। इस 27 किलोमीटर के हिस्से में डबल लाइन बिछाने का काम दिसंबर 2020 तक पूरा कर लिया जाएगा। इस पर करीब 346 करोड़ रुपए की लागत आई है।
चलाई जाएंगी स्पेशल ट्रेनें
उत्तर रेलवे की ओर से कुंभ मेला के लिए 25 नियमित ट्रेनों के अलावा 30 से 35 स्पेशल ट्रेन चलाई जाएंगी। इसको लेकर पूरा प्लान तैयार किया जा चुका है और उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी लगातार इस पर अभी से हर योजना का सुपरविजन कर रहें हैं। उत्तर रेलवे कुंभ मेले के लिए श्रद्धालुओं के संख्या को देखते हुए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाएगी।
-दीपक कुमार, सीपीआरओ, उत्तर रेलवे
ये भी काम कराया
हरिद्वार, ऋषिकेश, मोतीचूर, ऐथल, पथरी और ज्वालापुर रेलवे स्टेशनों नए फुटओवर ब्रिज बनाने के साथ ही स्टेशनों पर अतिरिक्त प्लेटफॉर्म सरफेस, शेल्टर, वॉटर बूथ और सर्कुलेटिंग एरिया का विकास किया गया। यही नहीं पैसेंजर होल्डिंग एरिया बनाने और इन स्टेशनों पर 83 अनारक्षित, 21 आरक्षित और 16 इंक्वायरी काउंटर खोले गए हैं।
करीब 10 स्टेशनों पर 340 सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही ट्रेन इंफॉर्मेशन सिस्टम के तहत व्यवस्था की गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3n2NW0t
via IFTTT
No comments:
Post a Comment